सच खबर, मेदिनीनगरः पलामू की चर्चित नाट्य संस्था मासूम आर्ट ग्रुप को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित नाट्य प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार मिला है. यह प्रतियोगिता कला संगम द्वारा 10 से 12 फरवरी तक गिरिडीह में किया गया था. प्रतियोगिता में मासूम आर्ट ग्रुप को उनके द्वारा प्रस्तुत नाटक राजपाट के लिए प्रथम पुरस्कार मिला, द्वितीय स्थान पर दिल्ली, तृतीय स्थान पर भोपाल व चैथे स्थान पर कोलकाता की टीम रही। मासूम के कलाकारों ने इस प्रतियोगिता में निजी वर्ग में भी आठ अन्य पुरस्कार अपने नाम किए। मासूम के अध्यक्ष विनोद पांडेय ने बताया की अखिल भारतीय नाट्य प्रतियोगिता में मासूम द्वारा प्रस्तुत नाटक राजपाट को प्रथम पुरस्कार मिलने के साथ साथ इस नाटक के निर्देशन के लिए सैकत चटर्जी को बेस्ट डायरेक्टर का द्वितीय पुरस्कार मिला। श्री पांडेय ने बताया कि नाटक की कहानी एक ऐसे जमींदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जमींदारी तो अब नहीं रही; पर उसे लगता है की वो अब भी उस इलाके का राजा है, उसका गुरुर, आत्मसम्मान, घमंड उसे वास्तव से दूर रखता है, उसकी वजह उसका पूरा परिवार तबाह हो जाता है. इस नाटक में राजा के चरित्र में अभिनय के लिए सैकत चटर्जी को बेस्ट एक्टर का तृतीय व बहु की चरित्र में अभिनय करने के लिए मुनमुन चक्रवर्ती को बेस्ट एक्ट्रेस का तृतीय पुरस्कार मिला। परिमल भट्टाचार्य को बेस्ट केरेक्टर आर्टिस्ट का प्रथम, कामरूप सिन्हा को बेस्ट विलेन का तृतीय, कनक लता तिर्की को बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का सांत्वना, राजा सिन्हा को बेस्ट म्यूजिक का प्रथम, संजीत प्रजापति को बेस्ट स्टेज क्राफ्ट का द्वितीय पुरस्कार मिला. इस नाटक में अमर कुमार भांजा, अविनाश तिवारी, आसिफ खान, राज प्रतीक पाल, गुलशन मिश्रा, सतीश ठाकुर, गिरिंद्र यादव आदि ने अभिनय किया।