ईवीएम एवं वीवीपैट के माध्यम से छात्रों को दी गई मतदान प्रक्रिया की जानकारी

सच खबर, रामगढ़ः आगामी रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव 2023 के मद्देनजर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामगढ़ सुश्री माधवी मिश्रा के निर्देश पर मतदाता जागरूकता कोषांग द्वारा विभिन्न माध्यमों से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में मतदाता जागरूकता कोषांग द्वारा सोमवार को राधा गोविंद इंस्टिट्यूट में स्वीप के तहत जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान सामान्य प्रेक्षक डॉ हीरा लाल ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मौके पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों को ईवीएम एवं वीवीपैट के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई वहीं उन्हें आगामी 23 रामगढ़ विधानसभा उप निर्वाचन के दौरान अपने मताधिकार का प्रयोग करने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिसर में रंगोली, हस्ताक्षर अभियान, सेल्फी कैंपेन, मतदाता जागरूकता शपथ सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिसमें बढ़-चढ़कर विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान सामान्य प्रेक्षक डॉ हीरा लाल सभी विद्यार्थियों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आप सभी देश का भविष्य है और मतदान से देश का भविष्य तय होता है इसलिए आप सभी अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें वहीं उन्होंने सभी से 27 फरवरी 2023 को रामगढ़ विधानसभा उप निर्वाचन के तहत होने वाले मतदान के दौरान सभी विद्यार्थियों से अपने-अपने मतदान केंद्रों में प्रथम मतदाता बनने की अपील की। साथ ही उन्होंने सभी से अपने अपने घरों के आसपास लोगों को मतदान के महत्व एवं मतदान करने के प्रति जागरूक करने की अपील की। सामान्य प्रेक्षक ने सभी विद्यार्थियों से देश को स्वच्छ बनाने में अपना योगदान देने एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान सामान्य प्रेक्षक ने बच्चों से मतदान संबंधित कई सवाल किए एवं सही जवाब देने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया। मौके पर नोडल पदाधिकारी स्वीप कोषांग सह जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती कनक तिर्की के द्वारा सामान्य प्रेक्षक को स्वीप के तहत जिले में हो रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *