भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ देश के लिए कार्य करने की आवश्यकताः कर्मवीर सिंह

सच खबर, मेदिनीनगरः बूथ सशक्तीकरण अभियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी पलामू की इकाई ने जिला कार्यशाला का आयोजन जिला कार्यालय में किया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह की गरिमायी उपस्थिति हुई। जिले के प्रत्येक बूथ पर संगठन की मजबूती को लेकर प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने संबंधित कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। बैठक की अध्यक्षता पलामू जिला अध्यक्ष विजय नंद पाठक ने की एवं संचालन जिला महामंत्री सुरेन्द्र विश्वकर्मा ने किया। विषय प्रवेश कराते हुए जिला अध्यक्ष विजय नंद पाठक ने कहा कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाना है एवं पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सभी कार्यक्रमों को जिले के सभी बूथों पर सुचारू रूप से चलाने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना है। मुख्य अतिथि संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि जिस प्रकार देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी देश की संस्कृति को बचाने एवं भारत माता को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं, उसी प्रकार भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ देश के लिए कार्य करने की आवश्यकता है। कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं दीनदयाल उपाध्याय ने जिन उद्देश्यों के साथ पार्टी का निर्माण किया था, आज पार्टी उन उद्देश्यों की पूर्ति के लिए दिन रात लगी हुई है। हमने धारा 370 हटा कर पूरे देश में एक निशान,एक प्रधान और एक विधान लागू किया। राम मंदिर का निर्माण भी अब अंतिम चरण में है। 2024 तक राम मंदिर निर्माण कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने मोदी जी के मन की बात कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर अनिवार्य रूप से करवाने पर जोर दिया। कहा कि मोदी जी के मन की बात के 98 संस्करण पूरे हो चुके हैं जिसमें उन्होंने कभी भी राजनीति की बात नहीं की, हमेशा जनता की हित की एवं समस्याओं के समाधान की बात की। मोदी जी के नेतृत्व में आज हमारा देश जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है, जो हमारे लिए गर्व की बात है।
कर्मवीर सिंह ने कहा कि हम 18 करोड़ कार्यकर्ताओं वाली पार्टी के कार्यकर्ता हैं, हम विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ता हैं। पार्टी को इस ऊंचाई पर पहुंचाने में पार्टी के न जाने कितने कार्यकर्ताओं एवं महापुरुषों ने अपना पूरा जीवन पार्टी एवं देश के नाम समर्पित कर दिया। हमें उनके सपने एवं उद्देश्यों की पूर्ति के लिए अभी और मेहनत करने की आवश्यकता है ताकि हम अब देश को विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और ताकत बना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *