रांचीः पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा थाना क्षेत्र में नक्सलियों के लगाए गये आईईडी बम की चपेट में आने से एक और ग्रामीण की मौत हो गयी।ईचाहातु गांव निवासी 52 वर्षीय कृष्णा पूर्ति और उनकी पत्नी 45 वर्षीय नंदी पूर्ति इस बार आईईडी का शिकार हुए हैं।कृष्णा पूर्ति की मौत हो गयी जबकि नंदी पूर्ति गंभीर रूप से घायल है। घटना गोइलकेरा थाना अंतर्गत ईचाहातु की है। घटना बुधवार सुबह घटी है जब दोनों ग्रामीण खेत में लगी अपनी फसल को देखने जा रहे थे। मुख्य सड़क छोड़कर इन्होंने पगडंडियों का रास्ता लिया जिसकी वजह से यह घटना घटी । इस जंगल के कई इलाकों में आईईडी बम बिछे हैं। ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां एक की मौत हो गयी। दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज चल रहा है। दोनों को ग्रामीणों के सहयोग से घटनास्थल से घर लाया गया था, जहां कृष्णा पूर्ति की मौत हो गई. वही, उनकी पत्नी घायल हो गई है और उन्हें इलाज के लिए गोइलकेरा अस्पताल भेजा गया है। इन दिनों पुलिस के साथ-साथ ग्रामीणों की भी मौत आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आने से हो रही है। 24 फरवरी को भी इसी तरह की खबर आयी थी जब टोंटो थाना अंतर्गत पटातारोब और रेंगड़ाहातु गांव के बीच रचकुबुरू जंगल में नक्सलियों द्वारा पुलिस को टारगेट कर लगाये गये आईईडी बम का शिकार 55 वर्षीय जेमा बहांदा बनी थी।