सच खबर, मेदिनीनगरः पलामू में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। उत्पाद विभाग की अधीक्षक बिमला लकड़ा के नेतृत्व में टीम ने भारी मात्रा में अवैध शराब को जब्त किया है। गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम मुड़मा और पड़वा थाना क्षेत्र के दुर्गा प्रसाद के घर से शराब की बोतल और रिफिलिंग के सामान को भी बरामद किया है। पॉपुलर कंपनी के ब्रांड के नाम से बोतल में शराब को भरकर ग्रामीण इलाकों में बिक्री की जाती है। होली के मद्देनजर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर उक्त शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया. इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। जानकारी के अनुसार जब्त शराब की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बतायी जा रही है। मौके से टीम ने भारी मात्रा में स्टिकर, होलोग्राम और रैपर भी बरामद किया है। उत्पाद अधीक्षक बिमला लकड़ा ने बताया कि उत्पाद विभाग के द्वारा लगातार अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी की जा रही है। यह आगे भी जारी रहेगी।