रेल लाइन विस्तारीकरण कार्य में लगी कंपनी की साइट पर फायरिंग की घटना में षामिल अमन साहू गिरोह के दो गुर्ग गिरफ्तार

लातेहारः बालूमाथ थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेल लाइन विस्तारीकरण कार्य में लगी साईं कृपा कंस्ट्रक्शन कंपनी की साइट पर फायरिंग की घटना में शामिल अमन साहू गिरोह के दो सदस्यों को जिला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से रंगदारी मांगने और धमकी देने में इस्तेमाल किये गये दो मोबाइल फोन भी बरामद किये हैं। गिरफ्तार अपराधियों में अमरेश कुमार यादव पिता प्रमोद यादव, नावाडीह, लातेहार, वर्तमान पता पतकी लातेहार और शिपक उरांव पिता धर्मदेव धर्मदेव उरांव, ईचाबार, लातेहार शामिल है।
प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि बालूमाथ थाना क्षेत्र के अंतर्गत साईं कृपा टेलीकॉम एंड कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के टोरी-शिवपुर रेलवे लाइन विस्तारीकरण कार्य की साइट पर 18 मार्च को अमन साहू गिरोह के निक्की यादव व उसके हथियारबंद गुर्गों द्वारा अंधाधुंध फायरिंग की गयी। साथ ही काम बंद करने की चेतावनी भी दी गयी थी। इसके बाद मोबाइल पर फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए लेवी की मांग की गयी। घटना के बाद साईं कृपा कंस्ट्रक्शन के मालिक कृपाशंकर सिंह ने बालूमाथ थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। मामला दर्ज होने के बाद मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गयी। गठित टीम ने जांच के दौरान गुप्त सूचना पर बालूमाथ थाना क्षेत्र के बालूमाथ साइडिंग के पास से इस कांड में शामिल अमन साहू गिरोह के दो अपराधियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से धमकी देने और रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किये गये दो मोबाइल फोन बरामद किये गये उन्होंने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, उनकी गिरफ्तारी भी जल्द होगी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अमरेश यादव पूर्व से अमन साहू गिरोह से जुड़ा हुआ है। इसके खिलाफ अन्य जिलों में भी कई मामले दर्ज हैं। गठित एसआईटी की टीम में एसडीपीओ अजीत कुमार, पुलिस निरीक्षक शशि रंजन कुमार, बालूमाथ थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद, पुलिस अवर निरीक्षक प्रेम कुमार निषाद, कुबेर साव व बालूमाथ थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *