सच खबर, हुसैनाबादः राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के तत्वावधान में सोमवार को हुसैनाबाद स्थित टाउन हॉल में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर हुसैनाबाद हरिहरगंज विधायक सह एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष कमलेश कुमार सिंह, प्रदेश महासचिव विनय कुमार सिंह व कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई और शुभकामनाएं दी। विधायक कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि होली एक ऐसा रंगबिरंगा त्योहार है, जिसे हर धर्म के लोग पूरे उत्साह और मस्ती के साथ मनाते हैं। प्यार भरे रंगों से सजा यह पर्व हर धर्म, संप्रदाय, जाति के बंधन से मुक्त भाई-चारे का संदेश देता है। हमे चाहिए की गिले-शिकवे भूल कर एक दूसरे से गले मिलकर संवृद्ध विकसित शिक्षित हुसैनाबाद का निर्माण करें। उन्होंने कहा कि जिस तरह रंग एक दूसरे में घुल मिल जाते हैं , इसी तरह हम एक दूसरे के सुख दुख के साथी बने। उन्होंने सभी को होली की बधाई और शुभकामनाएं दी। एनसीपी के प्रदेश प्रवक्ता सूर्या सिंह ने कहा कि होली एकता का प्रतीक है। होली रंगों और उमंगों का व्यवहार है। जिस तरह सभी रंग मिलकर इंद्रधनुष की तरह खूबसूरत रंग में तब्दील हो जाते है, उसी तरह हम सभी मिलकर हुसैनाबाद हरिहरगंज में एक नया सवेरा लाने का प्रयास करेंगे। जिसमे जात धर्म समुदाय का कोई बंधन नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि वह हुसैनाबाद के युवाओं को हर क्षेत्र में आगे लाने का प्रयत्न कर रहे हैं। आने वाला दिन हुसैनाबाद के युवाओं का होगा। इंटक के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने कहा कि होली का व्यवहार प्रेम और भाईचारा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस होली में सभी को खुशहाल और विकसित हुसैनाबाद के निर्माण का संकल्प लेने की जरूरत है।