होली एवं शबे बारात पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न, अश्लील गाने बजाने अथवा रात्रि दस बजे के बाद लाउडस्पीकर, डीजे के इस्तेमाल पर प्रतिबंध

सच खबर,रामगढ़ः आगामी होली एवं शबे बारात पर्व को लेकर सोमवार को उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन ने पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से आयोजन हेतु शांति समिति के सदस्यों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान अगर कहीं से भी लाउडस्पीकर के माध्यम से अश्लील गाने बजाने अथवा रात्रि 10ः00 बजे के बाद लाउडस्पीकर/ डीजे का इस्तेमाल किया जाता है तो संबंधित पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन ने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को उनके क्षेत्र में वैसे व्यक्ति जो कि पर्व के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ सकते हैं उनके खिलाफ धारा 107 के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त ने शांति समिति के सभी सदस्यों से उनके क्षेत्र में किसी भी प्रकार से सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा अफवाह फैलाने से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्वरित जिला प्रशासन को देने की अपील करते हुए सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को मामलों पर तुरंत संज्ञान लेने एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया वहीं उन्होंने पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर विशेष ध्यान रखने एवं किसी भी प्रकार की अफवाह पर तुरंत संज्ञान लेने का निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी ने पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन के मद्देनजर यातायात निरीक्षक को सघन वाहन जांच अभियान चलाने एवं नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *