सच खबर, हुसैनाबादः हुसैनाबाद के गणेशपुरी स्थित ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल के प्रांगण में साहित्य, कला एवं संस्कृति की प्रगतिशील संस्था ‘मौसम’ के तत्वावधान में होली मिलन सह हास्य कवि-सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था ‘मौसम’ के अध्यक्ष विनोद सागर ने की, वहीं मंच संचालन प्रो. डॉ. आलोक रंजन कुमार ने किया। कार्यक्रम के दौरान आगन्तुक अतिथियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं। मौक़े पर बतौर मुख्य अतिथि पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रामेश्वर राम उर्फ़ छठन ने कहा कि संस्था ‘मौसम ’बड़े ही अनोखे ढंग से होली मिलन समारोह आयोजित करती है। इसके आयोजन से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। विशिष्ट अतिथि सांसद प्रतिनिधि श्रवण कुमार अग्रवाल ने कहा कि संस्था मौसम का हास्य कवि-सम्मेलन कुरीतियों एवं व्यवस्था पर चोट करने वाला होता है। वार्ड पार्षद राजेन्द्र पाल ने कहा कि संस्था मौसम छोटे कार्यक्रम के द्वारा समाज में बड़ा संदेश देने का कार्य करती है। वार्ड पार्षद अखिलेश यादव ने कहा कि संस्था विनोद सागर की अध्यक्षता में निरंतर आगे बढ़ रही है। पूर्व वार्ड पार्षद राजकुमार कश्यप ने संस्था मौसम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समाजसेवी सुदर्शन प्रजापति ने कहा कि होली उमंग व उल्लास का त्यौहार है, इसे यूँ ही मिल-जुलकर मनाना चाहिए। युवा समाजसेवी पवन कुमार चौधरी ने कहा कि निःसंदेह ऐसे आयोजनों से समाज में एक बहुत बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा। ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल के निदेशक मनोज कुमार प्रजापति ने आगन्तुक सभी अतिथियों का कार्यक्रम में शिरक़त करने पर आभार जताया।