सच खबर, बरवाडीहः बरवाडीह थानाक्षेत्र के मंगरा औऱ केचकी रेलवे स्टेशन के बीच दोमुहान पुल के पास रेलवे ट्रैक खंभा नंबर 268/7 के समीप कंचनपुर निवासी पंकज सिंह,पिता बनवारी सिंह का शव मिला है। वहीं, रेलवे ट्रैक से कुछ दूरी पर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी बाइक पैसन प्रो जेएच 03टी 4673 बाइक के नंबर प्लेट व गाड़ी के कुछ हिस्से भी बरामद किए गए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति की मौत बाइक से रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर रात्रि बिना फाटक वाले रेलवे क्रॉसिंग से 30 वर्षीय पंकज सिंह रेलवे ट्रैक पार करते समय रात्रि में पूरी तरह अंधेरे के बीच गुजरते हुए मालगाड़ी के चपेट में आकर मौत हो गई। घटना की सूचना देर रात्रि ही आरपीएफ पुलिस को मिली। इसके बाद शव को रेलवे लाइन से अलग किया गया। वहीं, शुक्रवार सुबह घटना की सूचना पर बरवाडीह थाना प्रभारी श्री निवास कुमार सिंह मिलने के बाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल करते हुए मृतक पिता के पिता बनवारी सिंह समेत आसपास के कई लोगों से आवश्यक पूछताछ की गई। थाना प्रभारी ने आरपीएफ पुलिस की मौजूदगी में शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम हेतु लातेहार भेज दिया है। घटना की खबर सुनकर सुबह में घटनास्थल के पास आसपास के लोग काफी संख्या में जमा हो गए थे. वहीं घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।