सच खबर,गढ़वाः गढ़वा जिला में झारखण्ड अधिविद्य परिषद् राँची द्वारा कज 14 मार्च से आयोजित वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2023 को कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफल संचालन हेतु आज समाहरणालय के सभागार में उपायुक्त गढ़वा शेखर जमुआर की अध्यक्षता में बैठक की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार झा समेत जिला के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित हुए। बैठक में उपायुक्त ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए बताया कि वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2023 दिनांक 14 मार्च से 03 अप्रैल तक प्रथम पाली 09ः45 पूर्वाहन से 1ः05 बजे अपराहन तक में संचालित होगी, जबकि इन्टरमीडिएट की परीक्षा 14 मार्च से 05 अप्रैल तक द्वितीय पाली 02ः00 बजे अपराहन से 05ः20 अपराह्न तक में संचालित होगी। गढ़वा जिले में वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2023 हेतु कुल 50 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं जिसमें वार्षिक माध्यमिक परीक्षा हेतु 46 परीक्षा केन्द्र यथा- गढ़वा शहर में 07. डण्डई में 03, मेराल में 03, काण्डी में 03, मझिआँव में 04 रंका में 03, रमकण्डा में 01, भंडरिया में 02. बडगड में 01, चिनियां में 01, रमना में 05 श्री बंशीधर नगर में 04 धुरकी में 02, भवनाथपुर में 04, खरौंधी में 02 एवं केतार में 01 परीक्षा केन्द्र हैं। जबकि इन्टरमीडिएट परीक्षा हेतु कुल 22 परीक्षा केन्द्र यथा- गढ़वा शहर में 06, मेराल में 01, कांडी में 02, मझिआँच में 02, रंका में 03, श्री बंशीधर नगर में 07 एवं भवनाथपुर में 01 हैं। उन्होंने परीक्षा को कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफल संचालन हेतु प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को परीक्षा के दौरान झारखण्ड अधिविद्य परिषद् द्वारा जारी सभी दिशा निर्देशों का अनुपालन कराना सुनिश्चित कराने को कहा। बैठक के प्रारंभ में उपायुक्त ने शिक्षकों के प्रति काफी सद्भावना एवं सम्मान होने की बात कही एवं जीवन में शिक्षकों का अहम योगदान बताया। उन्होंने गढ़वा जिला में कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संपन्न कराने में शिक्षक समेत सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी को दिए जा रहे दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी पूर्वक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में धारा 144 लागू है, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट एवं सुपरवाइजर लगातार अनुमंडल पदाधिकारी के संपर्क में रहे एवं किसी भी प्रकार की सूचना पर त्वरित जानकारी दें।
उन्होंने परीक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला, इनमें परीक्षा के 1 घंटे पूर्व परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्र पहुंचने, प्रश्न पत्र संख्या की जांच करने, समय पर बच्चों को प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने, परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी सक्रिय रखने अथवा पूरी प्रक्रिया का वीडियोग्राफी कराने, मोबाइल या स्मार्ट वॉच समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक कम्युनिकेशन डिवाइसेज का इस्तेमाल पूर्णता प्रतिबंधित रखने समेत अन्य कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने किसी भी प्रकार की समस्या पर तारिक कंट्रोल रूम से संपर्क करने का निर्देश दिया।.