देश भर के 100 से अधिक कलाकार पहुंचे हमारे मेदिनीनगर शहर में, कल विख्यात कलाकार और संस्कृतिकर्मी निकालेंगे शहर में रंग जुलूस

सच खबर, मेदिनीनगरः भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) के 15वें राष्ट्रीय महाधिवेशन का असर डाल्टेनगंज की सड़कों, गलियों, चौराहों पर नजर आने लगा है। इप्टा के नीले झंडों से शहर की सड़कें पटी हुई हैं, तो चौराहों और मुख्य स्थलों पर प्रेम, शांति और सद्भाव का संदेश देते पोस्टरों में इप्टा की रंग यात्रा का खाका भी दिखाई देता है। चौराहों पर शहर में हो रहे इस अखिल भारतीय महोत्सव की चर्चाएं भी जोरों पर हैं। 16 मार्च की शाम से लेकर 19 मार्च को देर रात तक विभिन्न नाटकों, फिल्मों, सूफी गायन, लोक गीतों, लोक नृत्यों की प्रस्तुतियों को देखने और उनका आस्वाद करने के लिए शहर की जनता के मन में उत्सुकता भी है और गर्व भी। इस दौरान मशहूर सूफी गायक मीर मुख्तियार अली 17 मार्च को अपनी प्रस्तुति देंगे, तो वहीं चर्चित लोक गायिका नेहा सिंह राठौर 19 मार्च को अपनी प्रस्तुति देंगी। इप्टा के इस महत्वपूर्ण और बहुप्र​तीक्षित आयोजन के लिए संस्कृतिकर्मी, कलाकारों का डाल्टेनगंज आना शुरू हो गया है। करीब 100 अधिक कलाकार बुधवार शाम तक शहर में आ चुके हैं। इसके अलावा 16 मार्च की शाम तक 600 से अधिक कलाकार यहां पहुंच जाएंगे, जो बाद में 17 मार्च को रंग जुलूस में शामिल होंगे और अलग अलग समय में अपनी प्रस्तुतियां देंगे। गौरतलब है कि 17 से 19 मार्च तक आयोजित हो रहे इस इप्टा महाधिवेशन के दौरान तीन दिवसीय नीलांबर-पीतांबर लोक महोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। 17 मार्च को 15 नगाड़ों की गूंज और झारखंड समेत अलग-अलग राज्यों की विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच जन सांस्कृतिक मार्च, रंग जुलूस के साथ तीन दिवसीय महाधिवेशन का आगाज होगा। इसके बाद शिवाजी मैदान में आम सभा का आयोजन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *