सच खबर,मेदिनीनगरः पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के सद्दीक मंजिल चौक स्थित लौंग लाइफ केयर हॉस्पिटल में मोतियाबिंद मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन शुक्रवार को किया गया। यह ऑपरेशन लौंग लाइफ केयर हॉस्पिटल व अंधापन नियंत्रण उन्मूलन झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए मोतियाबिंद के 60 मरीजों का ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह ऑपरेशन देश के मशहूर नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. ध्रुव ज्योति सरकार एवं इनकी टीम ने किया। इस दौरान नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. एस सिंह व हॉस्पिटल के निदेशक डा. ए. अंसारी मुख्य रूप से उपस्थित थे। हॉस्पिटल के निदेशक डा. ए. अंसारी ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान मरीजों के स्वास्थ्य का पूरा खयाल रखा गया। उन्होंने बताया कि अब प्रत्येक रविवार को लौंग लाइफ केयर हॉस्पिटल में मोतियाबिंद के मरीजों का ऑपरेशन होगा। ऑपरेशन कराने वाले मरीजों को दावा और चश्मा निःशुल्क दिया जाएगा। बता दें कि लौंग लाइफ केयर हॉस्पिटल में साल में कई बार निःशुल्क शिविर लगा कर भी मरीजों का निःशुल्क ईलाज किया जाता है।