बड़ी मात्रा में लोग आज भी जल का दुरुपयोग कर रहे हैंः नागेंद्र कुमार सिन्हा

सच खबर, रामगढ़ः विश्व जल दिवस के अवसर पर बुधवार को उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित ब्लॉक बी के सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम यूनिसेफ सहयोगी संस्था के डिस्ट्रिक्ट लिड श्री निर्भय कुमार के द्वारा विश्व जल दिवस मनाने के उद्देश्यों के प्रति सभी को जानकारी दी गई। साथ ही उनके द्वारा पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभिन्न उपायों के माध्यम से जल संचयन करने एवं सभी प्राणियों तक जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई। कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त ने सर्वप्रथम विगत वर्ष स्वच्छता एवं जल संचयन के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाले मुखियाओं एवं जलसाहियाओं की तारीफ करते हुए कहा कि चाहे वह विश्व जल दिवस हो या कोई अन्य दिवस, हर दिवस को मनाने की एक खास वजह होती है। वर्तमान में अगर हम देखें तो बड़ी मात्रा में लोग आज भी जल का दुरुपयोग कर रहे हैं। अभी हम इस बात को नजरअंदाज कर रहे हैं कि आने वाले समय में हमें या हमारी आने वाली पीढ़ी को किस तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। विश्व जल दिवस पर उन्होंने सभी से जल के दुरुपयोग को रोकने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की एवं लोगों को विभिन्न माध्यमों से जागरूक करने के संबंध में कई महत्वपूर्ण निर्देश अधिकारियों को दिए। मौके पर उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत हो रहे कार्यों की सराहना करते हुए लंबे समय तक लोगों को नल के माध्यम से जल सुनिश्चित हो इसके लिए जलापूर्ति योजना के रखरखाव व अन्य महत्वपूर्ण विषयों के प्रति लोगों को जागरूक करने के संबंध में कई उपाय बताएं। उप विकास आयुक्त ने रामगढ़ जिले में विभिन्न योजनाओं व डीएमएफटी के माध्यम से संचालित जलापूर्ति योजनाओं की जानकारी देते हुए योजनाओं के माध्यम से सभी योग्य जिले वासियों को जलापूर्ति सुनिश्चित करने की सभी से अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *