लातेहारः धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले टोरी बालूमाथ शिवपुर रेलवे लाइन में बालूमाथ थाना क्षेत्र के जरी ग्राम अंतर्गत महुआटांड़ के पास रेल पटरी पार करने के दौरान मालगाड़ी की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान बालूमाथ थाना क्षेत्र के जरी ग्राम अंतर्गत महुआटांड़ टोला निवासी सुनील गंझु की पत्नी गुड़िया देवी 30 वर्ष के रूप में हुई है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार गुड़िया देवी महुआ चुनने के लिए रेल पटरी पार कर रही थी कि इसी दौरान वह गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आ गई। इस दुर्घटना में उसका दोनों पैर और एक हाथ कट गया। उसे गंभीर अवस्था में बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया जहां पर डॉक्टर अमरनाथ प्रसाद ने उसकी स्थिति को गंभीर और चिंताजनक देखते हुए प्राथमिक उपचार के पश्चात बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया।घायल महिला ने रांची रिम्स में पहुंचने के साथ ही दम तोड़ दिया। मृतक महिला के 4 छोटे-छोटे बच्चे हैं। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।