सच खबर,हुसैनाबादः हुसैनाबाद प्रखंड कार्यालय परिसर में अधिकारियों कर्मचारियों का आवास निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितता का आरोप प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष योगेंद्र कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने लगाया है। बीस सूत्री अध्यक्ष के नेतृत्व में एक दल ने निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि प्राकलन के मुताबिक कार्य नहीं कराया जा रहा है। घटिया ईंट जिसका कोई नंबर नहीं है। बालू की जगह मिट्टी युक्त बालू, घटिया छड़ और सीमेंट का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने ठेकेदार के कर्मचारियों से भी जानकारी ली। बीस सूत्री अध्यक्ष व अन्य ने बताया कि आवासों का निर्माण इसी तरह होता रहा तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। बीस सूत्री अध्यक्ष योगेंद्र कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने बताया कि वह जांच रिपोर्ट विधायक कमलेश कुमार सिंह को देकर जांच कराने का आग्रह करेंगे। उन्होंने बताया कि जांच के बाद दोषी पाए जाने पर कार्यकारी एजेंसी के साथ साथ विभागीय अभियंताओं पर भी कार्रवाई की मांग की जायेगी। उन्होंने बताया कि उनकी बात विधायक कमलेश कुमार सिंह से हुई है। जांच के आलोक में उन्होंने अनियमितता की शिकायत मुख्यमंत्री से करेंगे। जांच दल में बीस सूत्री अध्यक्ष योगेंद्र सिंह और गुडु सिंह,विनय पासवान,मनदीप राम,राजकुमार ठाकुर,रजनीश सिंह,बबन सिंह,रविन्द्र कांस्यकार, जिसान हसन,अजय चंद्रवंशी, व अन्य शामिल हुए।