सच खबर, मेदिनीनगरः विश्वव्यापी पर्यावरण संरक्षण अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पर्यावरण धर्मगुरु व वन राखी मूवमेंट के प्राणेता पर्यावरणविद कौशल किशोर जायसवाल और छतरपुर पूर्वी के जिला पार्षद अमित कुमार जायसवाल ने पौधरोपण कर संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की 132 वीं जयंती मनाई। पर्यावरणविद और पार्षद ने छतरपुर अनुमंडल के माडवा पंचायत के ग्राम नासो से डॉ भीमराव अंबेडकर के जन्मदिन पर निकली शोभा यात्रा में शामिल हुए। वहीं बगिया पंचायत के तेलियाडीह में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद करते हुए पौधा समर्पित किया। उन्होंने खरवारडीह में संत रविदास की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित करने के पश्चात संत रविदास जी के प्रांगण में पर्यावरण धर्म के प्रार्थना के साथ थाईलैंड प्रजाति के बारहमासी आम लगाकर उन्हें समर्पित किया। उन्होंने लोगों को पर्यावरण धर्म के 8 मूल ज्ञान मंत्रों की शपथ दिलाते हुए कहा कि पर्यावरण धर्म के पहला मूल मंत्र में जन्मदिन या कोई भी शुभ कार्य एवं श्राद्ध पर पौधा लगा कर उसे बचाने का विधान है।