सच खबर, छतरपुरः पलामू प्रमंडलीय पासवान समाज के पलामू जिला प्रखंड इकाई नौडीहा बाजार के तत्वाधान में सरइडीह खेल मैदान में वीर शिरोमणि चौहरमल जी 710वीं व संविधान निर्माता बाबासाहेब अंबेडकर की जयंती संयुक्त रूप से मनाई गई। जयंती समारोह का मुख्य उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए प्रमंडलीय अध्यक्ष जवाहर पासवान ने कहा कि समाज के ढांचागत विकास के लिए सभी इकाई प्रयत्नशील है । पासवान समाज प्रमंडलीय स्तर पर सामाजिक विकास की एक नई विचारधारा पैदा करते हुए सतत विकास के लिए भी प्रयत्नशील है और समाज की दशा और दिशा कैसे तय हो उसके लिए बौद्धिकता के साथ कार्य करने में जुटी हुई है। वहीं विशिष्ट अतिथि रामाधीन भारती बाबा चौहरमल पूजा समिति के प्रदेश सचिव बिहार ने कहा कि चौहरमल पासवान समाज के अनुकरणीय संत रहे हैं और और समाज के प्रत्येक व्यक्ति का यह कर्तव्य है कि वह अपने संत शिरोमणि के आदर्शों का अनुपालन करते हुए अपना जीवन यापन करें और अपने बच्चों को भी वीर शिरोमणि चौहरमल की कथा सुनाएं। प्रमंडलीय उपाध्यक्ष शिव शंकर पासवान ने कहा कि दहेज प्रथा एक सामाजिक कृति है जिसे दूर करने की आवश्यकता है। उसी तरह से नशाखोरी की समाज की एक नासूर समस्या है। इसे दूर करने की और इससे दूर रहने की आवश्यकता है। समाज में बेटियों के साथ संबंध विच्छेद हो रहे हैं जिसका कारण दहेज बन रहा है समाज को इससे ऊपर उठकर दहेज मुक्त समाज का निर्माण करने की आवश्यकता है। वहीं कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर व्यक्ति नहीं एक विचार है जिसका समाज को अनुपालन करना चाहिए।