धनबादः धनबाद में अवैध चाल धंसने से गई तीन लोगों की जान गयी, है। धनबाद में अवैध खनन से लोगों की मौत का सिलसिला लगातार जारी है दूसरी तरफ कोल कंपनियां यह मानने को तैयार नहीं कि अवैध खनन हो रहा है। धनबाद के बीसीसीएल कुसुंडा एरिया के न्यू गोधर कुसुंडा कोलियरी के लीज होल्ड एरिया में चल रही यूसीसी इंफ्रा आउटसोर्सिंग परियोजना में सोमवार की सुबह लगभग छह बजे अचानक चाल धंसा। इस दौरान लगभग दो दर्जन से अधिक लोग यहां अवैध खनन कर रहे थे। सैकड़ों बोरी कोयला छोड़ कर अपनी जान बचाकर भागे। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गयी। हमेशा की तरह इससे बीसीसीएल अधिकारियों ने इनकार कर दिया। दूसरी तरफ पुलिस प्रशासन ने भी कहा कि हमें अवैध खनन के दौरान कोयला में दबे लोगों की सूचना मिली थी, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। केंदुआडीह थानेदार इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने कहा, हमें लिखित में कोई शिकायत नहीं मिली है। इस घटना के बाद प्रोजेक्ट अधिकारी एसपी सिंह ने केंदुआडीह थाना को आन लाइन आवेदन देकर प्रोजेक्ट में कोयला चोरी पर रोक लगाने की मांग रखी है। दूसरी तरफ इस हादसे में मारे गये लोगों के परिजन भी चुप हैं। नाम ना लिखने की शर्त पर ग्रामीणों ने बताया कि घटना लगभग सुबह छह बजे की है। 20 से 25 लोग कोयला लाने गये थे। तभी अचानक चाल धंसने लगा। दोपहर होते – होते घटना की जांच के लिए जिला माइनिंग इंस्पेक्टर राहुल कुमार, परियोजना के पीओ एमपी सिंह, मैनेजर मिंटू कुमार, सेफ्टी ऑफिसर प्रदीप मिश्रा, एरिया सेल्स ऑफिसर मनमोहन कुमार व सीआइएसएफ इंस्पेक्टर बीबी प्रसाद के साथ पहुंचे और परियोजना का निरीक्षण किया। पूरी जांच के बाद कहा यहां अवैध खनन हुआ है और हादसा भी। पीओ को कोयले का ढेर हटा घटना की पुष्टि करने का निर्देश दिया गया है। अवैध खनन कर निकाले गये कोयले से भरी बोरियां जगह-जगह रखी थीं. घटनास्थल के पास एक कोयला ढोने की टोकरी, एक पैर का हवाई चप्पल व थैले में दो बोतल पानी रखा हुआ मिला। कोयला चोरी रोकने के लिए सीआइएसएफ की ओर से लगातार प्रयास किया जा रहा है।