राज्य के 24 में से 18 जिलों में लू चलने की चेतावनी

राँचीः मौसम केंद्र ने राज्य के 24 में से 18 जिलों में लू चलने की चेतावनी दी है। इनमें देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पलामू, चतरा, गढ़वा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां शामिल है। वहीं,गर्मी का सबसे ज्यादा असर बच्चों पर पड़ रहा है। मंगलवार को रामगढ़ के दुलमी स्थित स्कूल में पहली और दूसरी कक्षा के दो बच्चे बेहोश हो गए। वहीं गढ़वा के भवनाथपुर स्थित स्कूल में भी सातवीं की छात्रा गश खाकर गिर गई। इधर, भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार ने बुधवार से सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक सहित सभी निजी स्कूलों का समय बदल दिया है। शिक्षा सचिव के रवि कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि बुधवार से केजी से पांचवीं तक की कक्षाएं सुबह 7 से 11 बजे तक और छठी से 12वीं की कक्षाएं सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक चलेंगी। यह व्यवस्था 25 अप्रैल तक जारी रहेगी। इस दौरान प्रार्थना सभा, खेलकूद और अन्य गतिविधियों पर रोक रहेगी।
मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार 20 अप्रैल से राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इनमें रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा व सरायकेला खरसावां शामिल है। इन जिलों में 23 तक ऐसी स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान रांची में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *