लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में भाजयुमो ने मुख्यमंत्री का पुतला फूँका

सच खबर, मेदिनीनगरः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आवास घेराव कर रहे छात्रों पर 17 अप्रैल को लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में भाजयुमो पलामू के कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष ज्योति कुमार पांडे की अध्यक्षता में बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका। मौके पर प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह ने कहा कि झामुमो सरकार तानाशाह के रूप में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से 17 अप्रैल को मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर रहे छात्रों और युवाओं को बुरी तरह पीटा गया, उससे अंग्रेजी हुकूमत की याद ताजा हो गई। झामुमो सरकार ने चुनाव से पूर्व वादा किया था कि सत्ता में आने के बाद हर साल पांच लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी या पांच से सात हजार बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा, लेकिन सत्ता मिलते ही झामुमो सरकार सारे वादे भूल गई। उन्होंने कहा कि वर्तमान झामुमो सरकार ने युवाओं का भविष्य अंधकारमय बना दिया है। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अविनाश वर्मा ने कहा कि जब भी युवा अपनी मांग को लेकर आंदोलन करते हैं तो उन्हें झामुमो सरकार द्वारा प्रताड़ित किया जाता है । झारखंड के युवाओं का भविष्य झामुमो सरकार समाप्त करने में लगी हुई है। भाजयुमो पलामू जिला अध्यक्ष ज्योति कुमार पांडे ने कहा कि झामुमो सरकार 60/40 मामले में दोहरी नीति अपना रही है। झामुमो सरकार युवाओं को रोजगार के नाम पर भटकाने में लगी है । उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र युवा आप समझ चुके हैं कि झामुमो सरकार ने युवाओं के साथ धोखा किया है। पलामू सहित पूरा झारखंड के युवा झामुमो सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए संकल्प ले चुके हैं। मौके पर मुख्य रूप से उपमहापौर मेदनीनगर मंगल सिंह, दुर्गा जौहरी, अमित तिवारी, श्याम बाबू, प्रदीप सिन्हा, सोमेश सिंह, जितेंद्र तिवारी, विपुल गुप्ता, रोहित कुमार, बबलू गिरी, राहुल अग्रवाल ,अभय सिंह, राजकुमार बर्मन, शैलेश सिंह, अश्विनी सिंह एवं काफी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *