सच खबर,मेदिनीनगरः प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन झारखंड की पहल पर पनशाला खोलने का सिलसिला लगातार जारी है । इस पहल के क्रम में एक कदम आगे बढ़ते हुए चैनपुर स्थित गुरुकुल विद्या निकेतन विद्यालय द्वारा पनशाला खोला गया, जिसका उद्घाटन संयुक्त रूप से प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन झारखंड के संरक्षक अविनाश वर्मा, वरीय उपाध्यक्ष अजय श्रीवास्तव एवं कमलापुरी वैश्य समाज चैनपुर के अध्यक्ष हेमचंद प्रसाद द्वारा राहगीरों को पानी पिलाकर तथा अल्पाहार देकर किया गया। मौके पर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन झारखंड के संरक्षक अविनाश वर्मा ने कहा कि अंधेरा लाख हो पुण्य का दीपक अवश्य जलाएं। इस तपिश गर्मी में पनशाला का खुलना एक बड़ी बात है। साथ ही साथ उन्होंने कहा कि पानी पिलाएं मगर पानी बहाए नहीं, संस्थान के पास पनशाला व घर के पास उजाला अवश्य होनी चाहिये ऐसा मेरा मानना है। वहीं प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के वरीय उपाध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने कहा कि आज सभी लोग पानी के एक-एक बूंद की कीमत समझने लगे हैं। पानी के लिए हर तरफ हाहाकार मचा हुआ है । ऐसी स्थिति में पनशाला खोलना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। मौके पर मौजूद कमलापुरी वैश्य समाज चैनपुर के अध्यक्ष हेमचंद प्रसाद ने कहा कि गर्मी के दिनों में सबसे ज्यादा पानी की आवश्यकता होती है। इस बात का ख्याल रखते हुए गुरुकुल स्कूल चैनपुर द्वारा पनशाला खोलना राहगीरों के लिए राहत की बात होगी। उन्होंने यह भी कहा कि कमलापुरी वैश्य समाज चैनपुर इकाई की ओर से प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन झारखंड के संरक्षक अविनाश वर्मा तथा एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस तरह की पहल करने के लिए उन्हें धन्यवाद देती है तथा एसोसिएशन के किसी भी गतिविधियों में समाज की ओर से पूरा सहयोग करने का आश्वासन भी देती है। मौके पर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष आनंद कुमार मीडिया प्रभारी सह कार्यालय सचिव सतीश अग्रवाल, विद्यालय के निदेशक सिकंदर आजम शिक्षक शिक्षिकाएं जफर हुसैन, अब्दुल हक, जयंती सहाय, शोभा कुमारी, शारदा कुमारी, किरण देवी, खुशबू देवी, नीलम कुमारी, सतीश गुप्ता, शशि मिंज, रोशन कश्यप, उमेश कुमार गुप्ता इत्यादि लोग प्रमुख रूप से मौजूद थे।