महापौर ने दी छात्राओं एवं महिलाओं को गुलाबी बस की सौगात

सच खबर, मेदिनीनगरः महापौर अरुणा शंकर ,उप महापौर मंगल सिंह, पार्षदगण ,नगर आयुक्त रवि आनंद एवं सहायक नगर आयुक्त परितोष कुमार ने सामूहिक रूप से महिलाओं के लिए मेदिनीनगर नगर निगम द्वारा संचालित होने वाली पिंक सिटी बस का नारियल फोड़कर उद्घाटन किया।  महापौर ने कहा कि पिंक सिटी बस मेरा एक सपना था। मैं चाहती थी हमारी काम करने वाली बहने ,कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राएं और माताओं, बहनों को बाजार ,अस्पताल आने-जाने हेतु झारखंड में सबसे न्यूनतम दर पर महिला पिंक सिटी बस का परिचालन अपने निगम क्षेत्र में कराऊं। यह सपना आज पूरा हो रहा है। आज बस का उद्घाटन कर दिया गया। एक मई से इसका परिचालन पूरे निगम क्षेत्र में शुरू हो जाएगा । महापौर ने बताया निगम ने 10 से 20 रुपया तक दूरी के हिसाब से भाड़ा निर्धारित की है, जबकि रांची में 10 से 25 रुपया तक का किराया लिया जाता है, पर मुझे खुशी है की मेरे कहने पर संवेदक ने मात्र पाँच रुपया निगम क्षेत्र में कहीं से कहीं आने-जाने हेतु किराया लेना स्वीकार किया है, जिसके लिए संवेदक बधाई के पात्र हैं। महापौर ने आगे कहा कि अगर संवेदक को नुकसान होगा तो मैं स्वयं अपने निजी खर्च से हर माह उसकी भरपाई करूंगी। उन्होंने आगे कहा कि प्रतिदिन शहर एवं गांव से पढ़ाई या नौकरी हेतु आने वाली हमारी बहनों का अगर मै आने-जाने में होने वाली खर्च महीने में 500 से 1000 रुपये भी बचा पाती हूं तो उनके लिए यह रुपया उनके कॉलेज और स्कूल के फीस या घर के दूसरे कार्यों मैं काम आ सकता है, क्योंकि मैं एक महिला होने के नाते जानती हूं कि महिला कैसे एक एक रुपया जोड़कर घर के जरूरतों को पूरा करती है। महापौर ने बस के बारे में बताया इस बस में दो महिला कंडक्टर ,एक पुरुष ड्राइवर ,एक पुरुष खलासी रहेगा।चारों बस में जीपीएस लगे हुए हैं । आप अपने मोबाइल से बस को ट्रैकिंग कर सकते हैं। . . .सभी बसों में मोबाइल चार्जर की भी सुविधा दी गई है। महापौर ने बस के रूट के बारे में बताया एक बस चैनपुर-शाहपुर-विमेंस कॉलेज होते जीएलए कॉलेज, जनता शिवरात्रि कॉलेज तक जाकर फिर शाहपुर लौटेगी। वहीं दूसरी बस मेडिकल कॉलेज से प्रारंभ होकर जीएलए कॉलेज, विमेंस कॉलेज, डॉ राजेंद्र प्रसाद चौक से वापस लौटेगी। तीसरी बस रांची रोड चिंयाकी से शुरू होकर विमेंस कॉलेज, जीएलए कॉलेज डॉ राजेंद्र प्रसाद चौक से वापस लौटेगी । चौथी बस सिगरा, बैरिया, जीएलए कॉलेज विमेंस कॉलेज, डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद चौक होते हुए बैरिया फ्लाईओवर से सिगरा जायेगी। उपमहापौर मंगल सिंह ने सबको बधाई देते हुए कहा कि महापौर का यह सपना था कि महिला पिंक सिटी बस चले और मेरी भी चाहत थी कि महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा सुविधा मिले। इस बात कि आज मुझे बहुत खुशी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *