गोला प्रखंड के नावाडीह पंचायत में मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र का हुआ उद्घाटन

सच खबर,रामगढ़ः बुधवार को रामगढ़ जिला अंतर्गत गोला प्रखंड के नावाडीह पंचायत में डीएमएफटी मद से नवनिर्मित मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र का उद्घाटन किया गया। इस दौरान विधायक रामगढ़ श्रीमती सुनीता चौधरी एवं उपायुक्त रामगढ़ सुश्री माधवी मिश्रा ने संयुक्त रूप से मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र का उद्घाटन किया। मौके पर विधायक श्रीमती सुनीता चौधरी, उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा, अध्यक्ष जिला परिषद श्रीमती सुधा देवी, उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा, जिला परिषद सदस्यों अन्य जनप्रतिनिधियों आदि के द्वारा बच्चों के बीच पठन सामग्रियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान माननीय विधायक रामगढ़ श्रीमती सुनीता चौधरी ने डीएमएफटी के तहत गोला प्रखंड के नावाडीह पंचायत में नवनिर्मित मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र का संचालन शुरू होने पर सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कार्यों की सराहना की वहीं उन्होंने कहा कि मॉडल आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से ना केवल बच्चों, गर्भवती महिलाओं आदि को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि रामगढ़ जिले के विकास में भी इससे गति आएगी। इस दौरान उपायुक्त रामगढ़ सुश्री माधवी मिश्रा ने कहा की रामगढ़ जिले में 1000 से अधिक आंगनवाड़ी केंद्र संचालित हैं। लेकिन लगभग 50ः आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन अस्थाई भवनों अथवा किराए के भवनों में हो रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए डीएमएफटी के माध्यम से जिले में योजनाबद्ध तरीके से आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण का निर्णय लिया गया। प्रथम चरण में जिले के अलग-अलग प्रखंडों में कुल 14 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है। इसी क्रम में आज डीएमएफटी के तहत नवनिर्मित मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र का उद्घाटन गोला प्रखंड के नावाडीह पंचायत में किया गया है। इसके साथ ही उपायुक्त ने कहा कि शेष निर्माणाधीन मॉडल आंगनवाड़ी केंद्रों का भी निर्माण कार्य अंतिम चरण में है एवं अधिकारियों को जल्द से जल्द मॉडल आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन शुरू करने का निर्देश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *