सच खबर, मेदिनीनगरः भारतीय जन नाट्य संघ इप्टा के सक्रिय रंगकर्मी, लेखक, साहित्यकार, प्रगतिशील चिंतक और कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ता रहे उमेश नजीर की दूसरी पुण्यतिथि पर इप्टा और प्रगतिशील लेखक संघ की पलामू इकाई ने उन्हें याद किया। बुधवार को इप्टा कार्यालय में उनकी विरासत और संघर्षों को याद करते हुए श्रद्धांजलि सभा सह मुशायरा का आयोजन हुआ। सबसे पहले साथी नज़ीर की तस्वीर पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि कर सबों ने उन्हें अपना सलाम पेश किया । इसके बाद इप्टा के कलाकारों ने उनके द्वारा लिखे गीत बोल रे भाई झारखंडी. . . गाकर उन्हें याद किया। वरिष्ठ वामपंथी नेता केडी सिंह ने कहा कि वे सक्रिय कार्यकर्ता, समाजसेवी, साहित्य प्रेमी ,गीतकार और कवि थे। उनके द्वारा किए कार्य को भुलाया नहीं जा सकता। शिवशंकर प्रसाद ने कहा कि छात्र जीवन से ही क्रांतिकारी विचारों की लड़ाई लड़ी और आजीवन कुशल समाजसेवी साहित्य प्रेमी रहे। हमसबों को उनकी वैचारिक प्रतिबद्धता से प्रेरणा लेनी चाहिए।