पटना से आए दल के द्वारा आपदा से बचने के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया

सच खबर, छतरपुरः छतरपुर प्रखंड कार्यालय के सभागार में बुधवार को एनडीआरएफ की 9वीं बटालियन पटना से आए दल के द्वारा आपदा से बचने के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। एनडीआरएफ के 9 वीं बटालियन के एसआई आशुतोष वर्मा ने बताया कि पलामू जिले के 21 प्रखंडों में 17 अप्रैल से लेकर 29 अप्रैल तक फैमिलीराइजेशन एक्सरसाइज किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को आपदा से पूर्व और आपदा के बाद क्या करें, क्या न करें और कैसे इसका बचाव करें, इसकी जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि वज्रपात, सुखा, सर्पदंश, भूकंप, आग लगने की स्थिति में बुनियादी प्राथमिक उपचार और लिफ्ट मूविंग के द्वारा पीड़ित व्यक्ति और घायल को सही तरीके से कैसे सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाए इसकी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि उनकी 5 सदस्य टीम आपदा संबंधित बचाव तथा इससे निपटने के तरीके के लिए पलामू जिले के सभी प्रखंडों के अधिकारियों को जानकारी दे रही है। साथ ही रिसोर्स मैपिंग के द्वारा जिले के सभी प्रखंडों की भौगोलिक स्थिति तथा सभी तरह के मार्गों की सूचना इकट्ठा की जा रही है ताकि किसी तरह की आपदा की स्थिति में किसी भी क्षेत्र में जल्द से जल्द पहुंचकर आपदा की स्थिति में लोगों को राहत पहुंचाई जाए। इस प्रशिक्षण में छतरपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार, अंचल अधिकारी मुदस्सर नजर मंसूरी समेत एनडीआरएफ की टीम से कॉन्स्टेबल विजय वर्मा, कॉन्स्टेबल फिरोज आलम, कॉन्स्टेबल रवि कुमार, कॉन्स्टेबल संदीप कुमार और कई प्रखंड के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *