सच खबर,रामगढ़ः गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रामगढ़ डॉ असीम कुमार के द्वारा झारखंड राज्य पत्रकार स्वास्थ्य बीमा योजना से संबंधित प्रेस मीट का आयोजन किया गया। इस दौरान डॉ कुमार ने उपस्थित सभी पत्रकारों को कहा कि जैसे कि आप सभी को पता है कि एक पत्रकार का काम काफी जोखिम भरा होता है इसीलिए सरकार का यह प्रयास है कि उनके स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं को आसान किया जाए ताकि उनको काम करने में सहूलियत हो। इसी उद्देश्य से सरकार द्वारा पत्रकारों के हित में झारखंड राज्य पत्रकार स्वास्थ्य बीमा योजना को लागू किया गया है। साथ ही उन्होंने योजना का लाभ लेने में आ रहे दुविधाओं पर चर्चा की एवं उनका निष्पादन करने के उपायों को सभी से साझा किया। यह योजना मीडिया प्रतिनिधियों के लिए ग्रुप बीमा के रूप में लागू होगी, बीमाधारक मीडिया प्रतिनिधि सहित उसके पति / पत्नी एवं 21 वर्ष की आयु के दो अविवाहित एवं निर्भर संतान को लाभ मिलेगा इन मीडिया प्रतिनिधियों को मिलेगा लाभ: इस योजना नियमावली के तहत मीडिया कर्मियों का अभिप्राय वैसे लोगों से है, जो प्रधान संपादक, समाचार संपादक, उप संपादक , पत्रकार, छाया पत्रकार, वीडियोग्राफर पत्रकार और समाचार व्यंगकार चित्रकार आदि हैं जो किसी दैनिक, साप्ताहिक, पाक्षिक, मासिक, टैबलॉयड समाचार पत्र, पत्रिका समाचार एजेंसी, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, न्यू मीडिया (समाचार आधारित वेब साइट्स/ वेब पोर्टल) में कार्य कर रहे हों तथा दि वर्किग जर्नलिस्ट एंड अदर न्यूज पेपर इंप्लाई (कंडिसन्स ऑफ सर्विस) एंड मिसलिनियस प्रॉविजन्स एक्ट 1985 से परिभाषित किए गए हों. यह योजना अधिसूचना जारी होने के दिन से प्रभावी होगी.।