रांचीः रांची रेल डिवीजन के हटिया-बंडामुंडा रेलखंड पर सबसे तेज स्पीड से ट्रेन दौड़ने का ट्रायल गुरुवार को सफल रहा। दक्षिण पूर्व रेलवे की जीएम अर्चना जोशी ने सेफ्टी इंस्पेक्शन के दौरान नए रेलवे ट्रैक पर किया। इस दौरान 120 किमी की स्पीड से ट्रेन इंजन दौड़ाया गया। रांची रेल डिवीजन में अभी सबसे अधिक 110 किमी की स्पीड से ट्रेन चल रही है। यानी हटिया-बंडामुंडा रेलखंड पहला सेक्शन होगा, जहां आनेवाले दिनों में 120 किमी की स्पीड से ट्रेन चलेगी। जीएम ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन चलाने की तैयारी पूरी हो गई है। इंस्पेक्शन के दौरान डीआरएम प्रदीप गुप्ता, सीनियर डीसीएम निशांत कुमार भी थे।हटिया-बंडामुंडा दोहरीकरण कार्य (158.5 किमी) के काम में 70 किमी का काम पूरा हो चुका है। जीएम ने कहा कि काम करना काफी चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि पथरीला क्षेत्र होने की वजह से कटिंग के दौरान पत्थर रेलवे ट्रैक पर आ रहा है। उसे रोकने के लिए अत्याधुनिक मशीनें मंगाई गई हैं। वही सिंगल लाइन होने से उस रूट पर ट्रेनें भी चल रही हैं। काम करते हुए यह देखना पड़ रहा है कि कटिंग के दौरान पत्थर से सिंगल लाइन बाधित न हो। इस रूट पर 13 बड़े पुल और 324 छोटे पुल हैं। इस दोहरीकरण परियोजना को पूरा करने का लक्षय दिसंबर 2024 तक रहेगा। जीएम इंस्पेक्शन के दौरान ओरगा और रांची के बीच विभिन्न स्टेशनों का भी निरीक्षण किया।