सच खबर, मेदिनीनगरः जिला समाज कल्याण विभाग पलामू के द्वारा शनिवार को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत जिला स्तरीय एक दिवसीय फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। मैच का आयोजन कसियाडीह मध्य विद्यालय सतबरवा के प्रांगण में किया गया। फुटबॉल मैच सतबरवा प्रखंड के मानासोती तेजस्विनी क्लब और बकोरिया तेजस्विनी क्लब के बीच खेला गया। मैच में दोनो टीमों के खिलाड़ियों ने उम्दा प्रदर्शन कर मौजूद सैकड़ों दर्शकों को मनोरंजित किया। पेनाल्टी शूटआउट में मानासोती तेजस्विनी की टीम ने बकोरिया तेजस्विनी की टीम को 1-0 से मात देकर विजयी बनी। विजेता टीम मानासोती तेजस्विनी और उपविजेता टीम बकोरिया तेजस्विनी के खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने के लिए मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संध्या रानी ने सभी खिलाड़ियों का हौसला अफजाई करते हुए कहा कि अपनी प्रतिभा को प्रखंड, जिला एवं राज्य स्तर पर दिखाने के लिए हर संभव प्रयास करने की जरूरत है, मेहनत करने से ही सफलता हासिल की जा सकती है। मौके पर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संध्या रानी के साथ तेजस्विनी परियोजना के जिला समन्वयक गनौरी विश्वकर्मा, कार्यक्रम पदाधिकारी राजू पाल, डीआरआईयू के साकेत कुमार, सतबरवा प्रखंड समन्वयक, योगेंद्र सिंह के साथ गांव के सैकड़ों दर्शक उपस्थित थे।