सच .खबर, मेदिनीनगरः सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान शहर के विभिन्न स्कूल, कॉलेजों में चला रही है। इसी के मद्देनजर आज वरदान टीम नदी किनारे स्थित एलबीएस स्कूल पहुंची और बच्चों को सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़ी तमाम बातों की जानकारी दी। संस्था की सचिव शर्मिला वर्मा ने कहा कि मानव जीवन अनमोल है; इसे लापरवाही के कारण असमय न गंवाए। सड़कों पर चलते समय तमाम सुरक्षा नियमों का पालन करें और इसका पालन करने के लिए अपने माता पिता, दोस्तों, रिश्तेदारों एवं छोटे भाई बहनों को भी प्रेरित करें। सभी लोग अगर सड़क पर सावधानी बरतेंगे तो दुर्घटनाओं पर लगाम लगेगी। सब इंस्पेक्टर उपेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि स्कूल आते जाते समय तमाम सुरक्षा नियमों का बच्चे पालन करें। अपने माता पिता बिना हैलमेट के दोपहिया वाहन लेकर न निकलने दें, और नशे में गाड़ी चलाने के लिए अपने अभिभावकों को रोकें। बतौर अतिथि समाजसेवी पंकजलोचन ने बोलते हुए कहा कि यह बहुत ही सामयिक और सार्थक अभियान है इसे अपनाकर बहुत हद तक दुर्घटनाओं पर लगाम लगाई जा सकती है। रिनू शर्मा ने भी बच्चों को संबोधित किया, कंचन गुप्ता ने सड़क सुरक्षा जागरूकता गीत गाया। लक्ष्य श्रेष्ठ ने बच्चों को समझाते हुए कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस बनने के बाद जब आप सड़कों पर गाड़ी लेकर निकलेंगे तो हेलमेट, जूते और राइडिंग गीयर जरूर इस्तेमाल करेंगे। शिक्षक नंद किशोर पाठक ने टीम वरदान की प्रशंसा की और ऐसे सार्थक कार्यक्रम के लिए धन्यवाद दिया एवं बच्चों से इन सारी बातों पर अपील करने का आग्रह किया। राखी सोनी, कंचन गुप्ता, संध्या अग्रवाल, रोहितगुप्ता, लक्ष्य श्रेष्ठ, विलशन, बेबी विश्वकर्मा, लक्ष्य श्रेष्ठ और रिनू शर्मा इस कार्यक्रम में उपस्थित थे।