सच खबर, मेदिनीनगरः भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, डाल्टनगंज के पोखराहा खुर्द स्थित नवनिर्मित भवन में चल रहे 10 -दिवसीय मुर्गी पालन प्रशिक्षण का समापन शनिवार को किया गया। समापन समारोह में उपस्थित निदेशक ब्रह्मा नन्द साह, आरसेटी के वरीय संकाय जितेन्द्र मेहता तथा संकाय जयंत चक्रवर्ती के द्वारा सभी 27 प्रशिक्षणार्थियों के बीच प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का मूल्यांकन ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार नेशनल एकेडमी ऑफ रुडसेटी द्वारा प्रतिनियुक्त अस्सेसर ने किया। प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए ब्रह्मा नन्द साह ने कहा कि रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अपने घर जाकर सही तरीके से मुर्गी पालन करके अधिक से अधिक आमदनी प्राप्त कर सकते हैं। मुर्गी पालन एक रोजगारपरक कार्यक्रम है। इस अवसर पर वरिष्ठ संकाय जितेन्द्र मेहता ने कहा कि देश के ग्रामीण क्षेत्रों में मुर्गी पालन का बिजनेस काफी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। कम पूंजी में बढ़िया मुनाफे की वजह से लोग इस व्यवसाय में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं।