सच खबर, लातेहारः उपायुक्त भोर सिंह यादव की अध्यक्षता में आज वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जन शिकायत कोषांग/जनता दरबार से प्राप्त आवेदनों की समीक्षात्मक बैठक का अयोजन किया गया।
बैठक में उपायुक्त ने जनता दरबार से प्राप्त शिकायतों एवं उनके निष्पादन की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों की समस्याओं को त्वरित गति से समाधान करना ही जनता दरबार का उद्देश्य है। जनता दरबार से प्राप्त शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लें एवं शिकायत के निष्पादन की सूचना शिकायतकर्ता को मिले, ताकि लोगों का विश्वास जिला प्रशासन पर बनी रहे। उप विकास आयुक्त कार्यालय से संबंधित आये शिकायतों के निष्पादन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने उप विकास आयुक्त से लंबित मामलों की जानकारी ली एवं शिकायतों के निष्पादन में तेजी का निर्देश दिए। खाद्य आपूर्ति से संबंधित प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को शिकायतों के निष्पादन की सूची बनाकर देने का निदेश दिया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्तर पर लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि मामला किस स्तर से लंबित है इसकी जानकारी रिपोर्ट दें। प्रखंड विकास पदाधिकारी के स्तर पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के क्रम में प्राप्त शिकायतों और उनके निष्पादन की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों का उपायुक्त ने जल्द से जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में आए हुए विभिन्न विभागों के सभी लंबित मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए यथाशीघ्र निष्पादित करें। समीक्षा के क्रम में उपायुक्त द्वारा प्रभारी पदाधिकारी, जन शिकायत कोषांग को निर्देश दिया गया कि जिले में शिकायत से संबंधित सारे संचिकाओं का निष्पादन यथाशीघ्र की जाए। साथ ही लंबित पड़े मामले जिनका निष्पादन हो गया है उनको संचिका सूची से बाहर किया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री आलोक शिकारी कच्छप, परियोजना निदेशक, आईटीडीए विंदेश्वरी ततमा, अनुमंडल पदाधिकारी, लातेहार शेखर कुमार ,जिला योजना पदाधिकारी संतोष भगत, जन शिकायत कोषांग पदाधिकारी अजय कच्छप, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।