सच खबर, मेदिनीनगर। पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल मेदिनीनगर के द्वारा जल जीवन मिशन के तहत शनिवार को जिले के चयनित 86 ग्रामों में नल से जल तथा ओडीएफ प्लस विषयों पर जन जागरूकता लाने हेतु जल रथ रवाना किया गया। उक्त कार्यक्रम पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल मेदनीनगर के जिला कार्यालय से शुरू किया गया। जलरथ को कार्यपालक अभियंता मेदनीनगर आशुतोष कुमार के द्वारा हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न प्रखंडों में भ्रमण हेतु रवाना किया गया। जल रथ के माध्यम से ग्रामीणों को हर घर नल से जल और स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण अंतर्गत ओडीएफ प्लस विषयों पर जागरूकता लाने हेतु इस रथ को रवाना किया गया। कार्यक्रम में कार्यपालक अभियंता के अलावा सहायक अभियंता प्रेम कुमार, जल जीवन मिशन के जिला समन्वयक अश्विनी कुमार पाण्डेय, जल गुणवत्ता के जिला समन्वयक अवधेश कुमार सिंह, स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक धर्मेंद्र कुमार दुबे के अलावे जिले के अन्य कर्मी उपस्थित थे। कार्यपालक अभियंता के द्वारा बताया गया कि इस जल रथ के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल के सेवन जल संचय तथा शौचालय के नियमित उपयोग एवं ओडीएफ प्लस अंतर्गत ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन पर किए जा रहे कार्यों के बारे में जागरूकता लाने का कार्य किया जाएगा।