जनता शिवरात्रि महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. अजय पासवान ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सच खबर मेदिनीनगर, माई भारत द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मंगलवार को जनता शिवरात्रि महाविद्यालय, मेदिनीनगर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय पासवान ने पौधारोपण कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
डॉ. अजय पासवान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण अनिवार्य है। पेड़ न सिर्फ हमारे जीवन के लिए प्राणवायु प्रदान करते हैं, बल्कि धरती के संतुलन को भी बनाए रखते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे पर्यावरण बचाने के इस पवित्र कार्य को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
एनएसएस की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम के दौरान एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी जय प्रकाश राम ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से समाज में पर्यावरण के प्रति चेतना और जिम्मेदारी विकसित की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह एक प्रतीकात्मक और भावनात्मक पहल है, जिसके तहत हर व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पेड़ लगाकर पर्यावरण के प्रति आभार प्रकट करता है।
उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल करें।
जिलेभर में चलेगा अभियान
जानकारी के अनुसार, पलामू जिले के सभी प्रखंडों में इस अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक उत्कर्ष तिवारी, प्रकाश रॉय, कमलेश पांडेय सहित अन्य शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। सभी ने अभियान की सराहना करते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।


