लगातार बारिश से डालटनगंज के वार्ड 19 में घर डूबे, लाखों की क्षति

कुम्हारटोली के दर्जनों घर जलमग्न, नाला अतिक्रमण पर नगर निगम की भूमिका पर उठे सवाल

सच खबर मेदिनीनगर — बीती रात से हो रही लगातार बारिश के कारण डालटनगंज नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 19, दो नंबर टाउन अंतर्गत कुम्हारटोली मोहल्ले में जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। स्थानीय निवासी के अनुसार उनके घर में पानी पूरी तरह भर चुका है, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

पीड़ित निवासी ने बताया कि उनके घर के पीछे स्थित दोहर, जिसमें रेडमा सहित आसपास का पानी आता है, उसका निकास पूर्व में एक नाले के माध्यम से होता था। लेकिन हाल के वर्षों में उस नाले को भर कर वहां मकान निर्माण कर लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब नगर निगम के कुछ कर्मियों की मिलीभगत से हुआ है।

“नगर निगम सिर्फ टैक्स वसूलने का काम कर रहा है, जनता को सुविधा देना अब उनकी प्राथमिकता नहीं रह गई है,” उन्होंने नाराज़गी जताते हुए कहा।

स्थानीय लोगों के अनुसार, केवल एक नहीं, बल्कि कुम्हारटोली क्षेत्र के लगभग 20 घर जलभराव से प्रभावित हैं। निवासी प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषी व्यक्तियों तथा भ्रष्ट अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

स्थानीय प्रशासन एवं नगर निगम की ओर से इस विषय में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *