हनुमान नगर में दीपक पुस्तकालय का भव्य उद्घाटन समारोह संपन्न
सच खबर मेदिनीनगर। स्थानीय हनुमान नगर में रविवार को दीपक पुस्तकालय का उद्घाटन समारोह सादगी और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित श्री अविनाश देव ने पुस्तकालय को “गहरी स्वाध्याय का बोधिस्थल” बताया और युवाओं से इसका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
पुस्तकालय के निदेशक अजय जी ने पुष्पगुच्छ और माला भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद श्री देव ने विधिवत रूप से रिबन काटकर पुस्तकालय का उद्घाटन किया और पुस्तकालय परिसर का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित बच्चों से संवाद भी किया और उन्हें अध्ययन के प्रति प्रेरित किया।
अपने संबोधन में श्री देव ने कहा, “शहर में पुस्तकालय का खुलना विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल है। यह केवल पुस्तकों का भंडार नहीं, बल्कि विचारों के विस्तार और आत्मविकास का केंद्र है।”
उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से यह मांग भी रखी कि प्रमंडलीय मुख्यालय में उच्च क्षमता वाला, अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त पुस्तकालय शीघ्र बनाया जाए, जिससे साहित्य प्रेमियों और विद्यार्थियों को एक बेहतर अध्ययन पर्यावरण मिल सके।
समारोह में पंडित प्रदीप नारायण और त्रिपुरारी गुरुजी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और विशेष बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने दीपक पुस्तकालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।