उपायुक्त समीरा एस ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर दिए कई निर्देश
सच खबर मेदिनीनगर। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्रीमती समीरा एस की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभागार में कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बिरसा आवास योजना, प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, कब्रिस्तान व सरना-मसना घेराबंदी, आदर्श ग्राम विकास योजना, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने धुमकुड़िया भवन निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही इस मद में प्राप्त राशि का समुचित उपयोग करने पर भी बल दिया।
साइकिल वितरण कार्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कल्याण विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों में जर्जर भवन, शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था को शीघ्र सुधारने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य अपूर्ण हो या तय मानकों के अनुरूप न हो, तो संबंधित विभाग शीघ्र संज्ञान लें एवं कार्य पूर्ण कराएं।
बैठक में आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं, बिजली-पानी की उपलब्धता, भवनों की जर्जरता आदि विषयों पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने इन मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी श्री प्यारेलाल, विभिन्न प्रखंड कल्याण पदाधिकारी एवं विभागीय कर्मी उपस्थित रहे।



