शिष्टाचार भेंट में अपराध नियंत्रण व बेहतर कानून-व्यवस्था पर हुई चर्चा
सच खबर रांची। झारखंड के डीजीपी (DGP) श्री अनुराग गुप्ता से पांकी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं प्रो. विंग के प्रदेश कोऑर्डिनेटर श्री रुद्र कुमार शुक्ला ने शिष्टाचार मुलाकात की। रांची मुख्यालय स्थित पुलिस कार्यालय में पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्होंने डीजीपी से औपचारिक भेंट की।
इस अवसर पर युवा नेता रुद्र शुक्ला ने पांकी विधानसभा क्षेत्र तथा पलामू जिले की वर्तमान प्रशासनिक स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने खासकर सुदूरवर्ती इलाकों में बढ़ते अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए इन क्षेत्रों में ठोस कार्रवाई की आवश्यकता जताई।
श्री शुक्ला ने डीजीपी महोदय से पलामू दौरे का आग्रह भी किया, जिस पर श्री अनुराग गुप्ता ने शीघ्र पलामू आने की बात कही। उन्होंने भरोसा दिलाया कि न केवल पलामू बल्कि पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा ताकि आमजन को हर स्तर पर बेहतर प्रशासनिक सहायता मिल सके।

