सशक्त पंचायत–नेत्री अभियान पर सिमडेगा में कार्यशाला आयोजित

महिला प्रतिनिधियों को नेतृत्व क्षमता, निर्णय प्रक्रिया और स्थानीय शासन में भागीदारी के लिए किया गया प्रशिक्षित

सच खबर सिमडेगा। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत पंचायती राज विभाग, सिमडेगा शाखा द्वारा “सशक्त पंचायत–नेत्री अभियान” पर एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन नगर भवन (टाउन हॉल) सिमडेगा में किया गया। इसका उद्देश्य पंचायतों में निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों को सशक्त बनाना और उनकी नेतृत्व क्षमता को मजबूती प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह, उप विकास आयुक्त श्री दीपांकर चौधरी, पंचायती राज पदाधिकारी श्री दयानंद कार्जी, जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती रोस प्रतिमा सोरेंग, उपाध्यक्ष श्रीमती सोनी पैंकरा तथा अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर तथा जेएसएलपीएस की दीदी द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत कर किया गया।

पंचायती राज पदाधिकारी ने कहा कि रिवैम्प्ड ग्राम स्वराज अभियान के तहत सभी महिला निर्वाचित प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे पंचायत राज संस्थाओं में प्रभावी भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि सशक्त महिलाएं ही सशक्त और समावेशी समाज की नींव रख सकती हैं।

उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं में नेतृत्व, संवेदना और शक्ति का अनूठा संगम होता है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं अधिकार और ज्ञान दोनों में सशक्त होंगी, तभी उनका नेतृत्व समाज को संवेदनशील और संतुलित दिशा में ले जाएगा। उन्होंने महिला जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे संविधान और राज्य सरकार द्वारा प्रदत्त अधिकारों का समुचित उपयोग करें।

उप विकास आयुक्त श्री दीपांकर चौधरी ने पंचायती राज व्यवस्था की गहराई से समझ विकसित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने 73वें संविधान संशोधन, पंचायती राज अधिनियम और नियमावलियों के अध्ययन पर बल देते हुए जनप्रतिनिधियों को स्थानीय संसाधनों के उपयोग से भी क्षेत्रीय विकास हेतु पहल करने को कहा।

इस अवसर पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी पलटू महतो, जिला नियोजन पदाधिकारी सुश्री आशा मैक्सिमा लकड़ा, बीडीओ केरसई श्री ज्ञानमणि एक्का, जिला परिषद सदस्यगण, प्रमुख, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया, वार्ड सदस्य समेत कई प्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *