अवैध खनन पर कसा शिकंजा, 55 लाइसेंस रद्द

उपायुक्त समीरा एस. की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक संपन्न, 70 से अधिक वाहन जब्त, 17 ट्रेंच कटिंग, लाखों की वसूली

सच खबर मेदिनीनगर – जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्रीमती समीरा एस. की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खनन, परिवहन, राजस्व, वन व पुलिस विभाग से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में डीसी ने जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) सुनील कुमार से पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। डीएमओ ने बताया कि जून माह में अवैध खनन एवं परिवहन पर कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 15 वाहन जब्त किए गए हैं, और ₹9.62 लाख बतौर जुर्माना वसूला गया है। इसके साथ ही 8 व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।

परिवहन व वन विभाग की कार्रवाई

वन प्रमंडल पदाधिकारी स्तर से अवैध खनन से जुड़े 4 वाद दर्ज किए गए हैं। वहीं जिला परिवहन कार्यालय द्वारा 18 वाहन जब्त कर ₹7.89 लाख की वसूली की गई है। विभिन्न अंचलों से 30 वाहनों की जब्ती की गई, जिनमें सबसे अधिक पाटन/नवाजयपुर से 6 वाहन हैं।

17 स्थानों पर ट्रेंच कटिंग, 24 चौकीदार नियुक्त

डीएमओ ने बताया कि अवैध बालू उठाव को रोकने के लिए 17 स्थानों पर ट्रेंच कटिंग की गई है। साथ ही 24 चौकीदारों की नियुक्ति कर निगरानी बढ़ाई गई है। पत्थर खनिज से जुड़े 55 लाइसेंस रद्द किए गए हैं और 9 खनन पट्टों को निरस्त किया गया है।

डीसी ने दिए सख्त निर्देश

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध खनन स्थलों की पहचान कर समन्वय के साथ कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे हर माह संयुक्त कार्रवाई का प्रतिवेदन ससमय उपलब्ध कराएं

उपायुक्त ने कोयला और बालू के अवैध खनन, परिवहन, भंडारण, जांच और रॉयल्टी वसूली की गहन समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को यथोचित दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, एएसपी, अपर समाहर्ता, छत्तरपुर एसडीओ, हुसैनाबाद एसडीओ, सभी सीओ, एसडीपीओ और थाना प्रभारी समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *