परियोजनाओं की प्रगति को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक

मुआवजा भुगतान, एफआरए, भू-अर्जन सहित लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

सच खबर रामगढ़: आधारभूत संरचना, वन अधिकार अधिनियम (एफआरए), भूमि अधिग्रहण और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में भारतमाला परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्ग-33, रेलवे समेत अन्य सड़क निर्माण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने परियोजनावार मुआवजा भुगतान की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्यों में गति लाने का निर्देश दिया। संबंधित अंचल अधिकारियों को ग्राम सभा के आयोजन सहित मुआवजा भुगतान की सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने को कहा गया।

उपायुक्त ने पथ निर्माण विभाग, जुडको, पीवीयूएनएल सहित अन्य एजेंसियों से संबंधित योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने एफआरए, अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी), भूमि अधिग्रहण और लंबित मामलों की जानकारी लेकर शीघ्र निष्पादन हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

अंचलवार प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने प्रत्येक अंचल अधिकारी से उनके क्षेत्र में चल रही परियोजनाओं की स्थिति पूछी और लंबित भूमि संबंधित मामलों पर तत्परता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परियोजनाओं के कार्यान्वयन में आने वाली समस्याओं की जानकारी जिला प्रशासन को नियमित रूप से दें, ताकि समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित अंचल अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *