नशा के विरुद्ध समन्वित कार्रवाई को लेकर जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समिति की बैठक आयोजित

उपायुक्त समीरा एस ने औचक जांच, प्रतिबंध और पुनर्वास पर दिया जोर

सच खबर मेदिनीनगर: जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध खेती, दवा के दुरुपयोग और इसके दुष्परिणामों से निपटने को लेकर गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय कक्ष में उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति (एनकोर्ड) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनकोर्ड से जुड़े विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में उपायुक्त ने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि खाद्य सामग्री में मादक तत्वों की मिलावट की जांच हेतु नियमित औचक छापेमारी की जाए। ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा पूर्व माह की कार्रवाई रिपोर्ट नहीं प्रस्तुत करने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई और कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए।

शिक्षण संस्थानों के पास तंबाकू बिक्री पर सख्त रोक

उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों से कहा कि सदर एसडीओ के साथ समन्वय स्थापित कर शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।

वहीं, जिन क्षेत्रों में पुलिस ने गांजा और अफीम की अवैध खेती को नष्ट किया है, उन रैयतों की सूची तैयार कर उन्हें वैकल्पिक रूप से कृषि कार्यों से जोड़ने की बात कही। इसके लिए पुलिस एवं कृषि विभाग को परस्पर समन्वय कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने इन रैयतों की फॉलोअप निगरानी करने पर भी बल दिया।

रेल मार्ग और पुनर्वास पर भी निर्देश

रेलवे मार्ग से नशे के परिवहन को रोकने के लिए उपायुक्त ने रेलवे प्रतिनिधि को छापेमारी अभियान तेज करने का निर्देश दिया। साथ ही, सिविल सर्जन को नशा मुक्ति केंद्र में काउंसलिंग एवं पुनर्वास कार्यक्रम को सशक्त बनाने के लिए चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का आदेश दिया।

जागरूकता और वैकल्पिक विकास कार्यक्रमों पर जोर

बैठक में यह तय हुआ कि जिले में स्कूल, कॉलेज और संवेदनशील क्षेत्रों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत अवैध गतिविधियों के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही, ऐसे क्षेत्रों में वैकल्पिक विकास योजनाएं लागू करने, ड्रग डिटेक्शन उपकरणों की आवश्यकता का आकलन करने तथा समन्वित रूप से कार्य योजना तैयार करने पर चर्चा हुई।

बैठक में एएसपी राकेश सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी, छत्तरपुर एसडीओ, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, शिक्षा एवं कृषि विभाग के प्रतिनिधियों सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *