बीज वितरण, केसीसी और मधुमक्खी पालन योजना में तेजी लाने का निर्देश

उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में कृषि, बागवानी, पशुपालन, सहकारिता आदि विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित

सच खबर सिमडेगा। जिले में संचालित कृषि एवं संबंधित विभागों की योजनाओं की प्रगति की संयुक्त समीक्षात्मक बैठक गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, आत्मा और पौधा संरक्षण विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में खरीफ एवं रबी मौसम के अंतर्गत किसानों को बीज वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला कृषि पदाधिकारी मुनेंद्र दास ने जानकारी दी कि धान, मूंगफली, मक्का, उरद आदि के बीजों का वितरण किया जा रहा है। उपायुक्त ने शत-प्रतिशत किसानों तक बीज पहुंचाने और सरकारी लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

केसीसी के प्रचार-प्रसार और लक्ष्य पूर्ति पर जोर

प्रधानमंत्री किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अगस्त माह तक 5000 किसानों को योजना से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। बताया गया कि इस वित्तीय वर्ष में 33,714 किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है, जिसके विरुद्ध अभी तक 399 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उपायुक्त ने इसके व्यापक प्रचार-प्रसार और बैंकों के साथ समन्वय बेहतर करने के निर्देश दिए।

महिला किसानों को मधुमक्खी पालन योजना से जोड़ने का निर्देश

मधुमक्खी पालन योजना को लेकर किसानों का चयन प्रारंभ हो चुका है और इसके लिए विज्ञापन भी जारी किया गया है। उपायुक्त ने महिला किसानों की सहभागिता बढ़ाने हेतु जेएसएलपीएस की भूमिका को सशक्त करने की बात कही।

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन और खरीफ फसल की समीक्षा

आत्मा योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत दलहन, राइस, न्यूट्री-सीरियल, खाद्य तेल आदि के वितरण की समीक्षा की गई। दलहन योजना में 515 हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध 345 हेक्टेयर की उपलब्धि दर्ज की गई है, जबकि राइस वितरण में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त हुआ है।

खरीफ 2025 के लिए निर्धारित 1,45,620 हेक्टेयर फसली क्षेत्र के विरुद्ध अभी तक 14,699 हेक्टेयर में प्रगति हुई है। उपायुक्त ने अगस्त माह तक लक्ष्य प्राप्ति के लिए विभाग को निर्देशित किया।

अन्य विभागों की भी हुई समीक्षा

बैठक में सहकारिता व मत्स्य विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जमीनी स्तर पर लाभ पहुंचाने के लिए ठोस कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी आत्म अभय टोप्पो, जिला मत्स्य पदाधिकारी श्रीमती सीमा टोप्पो, आत्मा निदेशक कृष्ण बिहारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *