गढ़वा में खुदरा उत्पाद दुकानों की बंदोबस्ती को लेकर समिति की बैठक आयोजित

आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 37 कम्पोजिट दुकानों का प्रस्ताव, देशी और विदेशी अलग-अलग दुकानें नहीं खोलने का निर्णय

सच खबर गढ़वा। आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जिले में खुदरा उत्पाद दुकानों की बंदोबस्ती को लेकर जिला उत्पाद परामर्शदात्री समिति की बैठक उपायुक्त दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में दुकानों की संख्या और अवस्थिति पर विचार-विमर्श किया गया।

उत्पाद अधीक्षक निर्मल कुमार ने जानकारी दी कि वर्तमान वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले में कुल 43 दुकानें स्वीकृत थीं, जिनमें देशी शराब की 7, विदेशी शराब की 7 और कम्पोजिट शराब (बीयर सहित) की 29 दुकानें शामिल थीं।

नया प्रस्ताव: केवल कम्पोजिट दुकानें संचालित होंगी

समीक्षा उपरांत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि:

  • देशी शराब की अलग दुकानें – 0
  • विदेशी शराब की अलग दुकानें – 0
  • केवल 37 कम्पोजिट दुकानें (देशी, मसालेदार देशी, विदेशी एवं बीयर सहित)

इन दुकानों को नगर परिषद गढ़वा, नगर पंचायत मंझिऑव, नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर सहित पूरे जिले के पूर्व से संचालित आपत्तिरहित स्थलों या उनके आस-पास, साथ ही नवीन आपत्तिरहित स्थलों पर खोले जाने का प्रस्ताव विभाग को भेजे जाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में ये पदाधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, नगर परिषद गढ़वा के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार, नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर एवं मंझिऑव के कार्यपालक पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *