45 से अधिक आवेदनों का मौके पर निपटारा, विभिन्न विभागों को दिए गए निर्देश
मेदिनीनगर, 23 जुलाई।
पलामू जिला प्रशासन द्वारा मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों ने उपायुक्त डॉ. समीरा एस. के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। दरबार में 45 से अधिक फरियादियों ने आवेदन देकर विभिन्न प्रशासनिक, सामाजिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान की मांग की।
उपायुक्त ने आवेदनों की गंभीरता एवं प्राथमिकता को देखते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि “जनता दरबार का उद्देश्य ही यही है कि आम नागरिक की समस्याएं सीधे प्रशासन के शीर्ष तक पहुंचे और यथाशीघ्र समाधान हो।”
पति की मृत्यु के बाद काम की गुहार, सड़क विवाद, और भूदान भूमि पर रसीद की समस्या
मुस्लिम नगर, डाल्टनगंज निवासी गुलशन प्रवीण ने पति की मृत्यु के बाद रोजगार दिलाने की मांग करते हुए उपायुक्त को आवेदन सौंपा। इस पर उपायुक्त ने नियोजन पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
वहीं मेदिनीनगर की पूनम गिरी ने “मैय्या सम्मान योजना” की लंबित राशि के भुगतान की मांग की।
चैनपुर थाना क्षेत्र के अयोध्या कोल्हुआ निवासी गोपाल राम ने अपने गांव में रास्ता बंद कर दिए जाने की शिकायत करते हुए उपायुक्त से मार्ग खोलने की अपील की।
सतबरवा के बकोरिया निवासी रामसेवक प्रसाद ने भूदान यज्ञ कमेटी से मिली भूमि की ऑनलाइन रसीद निर्गत नहीं होने की समस्या रखी। उन्होंने बताया कि अब तक केवल ऑफलाइन रसीद ही काटी जा रही है जबकि डिजिटल दस्तावेज की जरूरत बढ़ती जा रही है।
एक अन्य आवेदक ने भूमि पर जबरन मिट्टी और चिप्स डालकर सड़क निर्माण कराने की शिकायत की, जिसे उपायुक्त ने संबंधित विभाग को स्थानांतरित कर रिपोर्ट तलब की है।
प्रधानमंत्री आवास, यात्रा भत्ता और कब्जे की शिकायतें भी आईं सामने
जनता दरबार में कई आवेदकों ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत मकान निर्माण में बाधा, यात्रा भत्ता भुगतान और पुस्तैनी जमीन पर अवैध कब्जे जैसी शिकायतें दर्ज कराईं।
उपायुक्त ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पादन का निर्देश दिया, ताकि शिकायतकर्ता को राहत मिल सके।
