रामगढ़ में बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर बैठक आयोजित
31 जुलाई तक करा सकते हैं बीमा, अगहनी धान के लिए ₹68,775 प्रति हेक्टेयर का संरक्षण
रामगढ़, 23 जुलाई।
बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना 2025-26 के अंतर्गत बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में योजना के सफल क्रियान्वयन और किसानों को समय पर बीमा लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिला सहकारिता पदाधिकारी श्री मनोज कुमार ने उपायुक्त सहित अन्य उपस्थित अधिकारियों को योजना से जुड़े विभागीय निर्देशों और जिले में अब तक की गई प्रगति की जानकारी दी।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना का विस्तृत प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक किसानों को लाभ दिलाने के प्रयास किए जाएं, ताकि आपदा की स्थिति में उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
31 जुलाई तक बीमा कराने की अंतिम तिथि
खरीफ फसल 2025 के लिए बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसान 31 जुलाई 2025 तक बीमा करा सकते हैं। इसके लिए किसान निकटवर्ती प्रज्ञा केंद्र (CSC) अथवा www.pmfby.gov.in पोर्टल पर जाकर farmer login के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बीमा हेतु आवश्यक दस्तावेज
बीमा हेतु निम्नलिखित दस्तावेज अनिवार्य हैं:
- आधार कार्ड
- बैंक पासबुक
- भू-अधिकार प्रमाण पत्र / मुखिया प्रमाणित वंशावली व भूमि विवरण
- बटाई प्रमाण पत्र (नोटराइज्ड)
- स्व-सत्यापित फसल बुआई प्रमाण पत्र
- मोबाइल नंबर
बीमा राशि और फसल दरें
- अगहनी धान – ₹68,775 प्रति हेक्टेयर
- भदई मकई – ₹53,287.50 प्रति हेक्टेयर
बीमा कराने हेतु किसानों को केवल ₹1 की टोकन राशि देनी होगी।
सहायता के लिए संपर्क
अधिक जानकारी हेतु किसान निम्नलिखित पर संपर्क कर सकते हैं:
- जिला सहकारिता पदाधिकारी कार्यालय, रामगढ़ – 📞 9431108778
- एचडीएफसी ईआरजीओ जीआईसी लिमिटेड हेल्पलाइन – ☎ 14447




