नाबालिग से दुष्कर्म में आरोपी बेटे को पिता का संरक्षण, पुलिस ने पिता को भी भेजा जेल

सिमडेगा के कोलेबिरा में नाबालिग को अगवा कर चार दिन तक किया गया था शोषण, वीडियो बनाकर किया वायरल

सिमडेगा (झारखंड)।
कोलेबिरा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के चर्चित मामले में पुलिस अनुसंधान के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दुष्कर्म के आरोपी नाबालिग बेटे को उसके पिता का संरक्षण प्राप्त था, जो इस पूरे अपराध में शामिल पाया गया। अब पुलिस ने आरोपी के पिता अलाउद्दीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

थाना प्रभारी हर्ष कुमार शाह ने बताया कि घटना बीते सप्ताह की है जब एक नाबालिग लड़की को अगवा कर चार दिनों तक एक घर में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाकर वायरल भी किया, जिससे मामला और गंभीर हो गया।

पहले बेटा गिरफ्तार, अब पिता भी चढ़ा पुलिस के हत्थे

पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर अपहरण, दुष्कर्म और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी नाबालिग होने के कारण उसे बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया था। मामले की गहराई से जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी के पिता अलाउद्दीन ने न सिर्फ घटना की जानकारी होने के बावजूद चुप्पी साधी, बल्कि बेटे को संरक्षण भी दिया

इस खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार किया और गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। थाना प्रभारी ने कहा कि “इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह अपराधी हो या उसका सहयोगी।”

पुलिस की सख्ती से खुल रहे हैं परत-दर-परत राज

पुलिस का कहना है कि इस मामले में जांच अभी जारी है, और संभावना है कि इसमें और भी लोग शामिल हों। पुलिस ने चेतावनी दी है कि पीड़िता की निजता का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भी आईटी एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *