राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया समाहरणालय परिसर स्थित वेयरहाउस का निरीक्षण
गढ़वा।
जिले के पुराने समाहरणालय भवन परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपयुक्त श्री दिनेश कुमार यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, निर्वाचन पदाधिकारी सुशील कुमार राय, कोषागार पदाधिकारी प्रशांत मिंज, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल प्रेमलाल सिंह सहित अन्य पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान श्री यादव ने ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, अग्निशमन प्रणाली आदि का गहन परीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी तकनीकी समस्या या सुरक्षा चूक से समय रहते निपटा जा सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा बनाए रखने हेतु इस प्रकार के निरीक्षण नियमित रूप से किए जाते हैं। प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ हर स्तर की निगरानी कर रहा है, जिससे कि मतदाता, राजनीतिक दल एवं सभी संबंधित पक्षों को विश्वसनीय और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था का भरोसा मिल सके।


