दोनों महत्वपूर्ण रेलवे लाइन परियोजनाओं के शीघ्र कार्यान्वयन का मिला आश्वासन
सच खबर, मेदिनीनगर। सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली में माननीय रेल मंत्री, भारत सरकार श्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत दो लंबित महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं—बरवाडीह-चिरिमिरी-अंबिकापुर एवं गया-रफीगंज-इमामगंज-डालटनगंज नई रेलवे लाइन—से संबंधित विस्तृत चर्चा की और ज्ञापन सौंपा।
श्री राम ने बताया कि वर्ष 2014 से ही वे इन दोनों परियोजनाओं को पूर्ण कराने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। पलामू संसदीय क्षेत्र के निवासियों को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरवाडीह-चिरिमिरी-अंबिकापुर नई रेलवे लाइन का शीघ्र कार्यान्वयन झारखंड और छत्तीसगढ़ के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा और औद्योगिक विकास को गति देगा। वहीं गया-रफीगंज-इमामगंज-डालटनगंज नई रेलवे लाइन परियोजना स्वीकृत होने के बावजूद कम प्राथमिकता के कारण रुकी हुई है, जिसे जल्द शुरू किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि इन दोनों रेल परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल पलामू संसदीय क्षेत्र के लोगों को, बल्कि झारखंड, छत्तीसगढ़ और बिहार राज्यों के संबंधित जिलों के निवासियों को भी आवागमन में बड़ी सुविधा होगी।
सांसद विष्णु दयाल राम ने बताया कि माननीय रेल मंत्री ने दोनों परियोजनाओं को देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने का भरोसा दिया है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जनता की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी और आवागमन सुगम बनेगा।
