बिना हेलमेट बाइक सवार सबसे ज्यादा हादसों में शामिल, बारिश से बने गड्ढे भरने के निर्देश
सच खबर,मेदिनीनगर। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी समीरा एस की अध्यक्षता में मंगलवार को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वप्रथम उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी जितेंद्र यादव से जुलाई महीने में हुई सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी ली। बताया गया कि जुलाई में 18 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 14 लोगों की मौत, 29 लोग गंभीर रूप से घायल और 28 लोग सामान्य रूप से घायल हुए। डीटीओ ने बताया कि अधिकांश हादसों में बाइक सवार शामिल थे, जिनमें से 8 मृतक बिना हेलमेट के थे।
समाहरणालय सभागार में हुई बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की अद्यतन स्थिति, ब्लैक स्पॉट, अतिक्रमण, सड़क जागरूकता कार्यक्रम आदि की समीक्षा करते हुए विभिन्न अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने बारिश से बने सड़कों के गड्ढों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरसीडी के प्रतिनिधि को पांकी, हुसैनाबाद स्टेशन रोड, पड़वा सहित अन्य सड़कों पर बने गड्ढों को जल्द भरने को कहा।
इसके अलावा, उपायुक्त ने गुड सेमेरिटन योजना के तहत कुछ लाभुकों को 15 अगस्त को सम्मानित करने, निजी अस्पतालों द्वारा आईआरएडी के तहत एंट्री सुनिश्चित करने, हिट एंड रन मामलों की समीक्षा, ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान, स्कूलों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम और मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना की प्रगति पर चर्चा की।
बैठक में पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन, तीनों एसडीओ, जिला परिवहन पदाधिकारी समेत सड़क सुरक्षा समिति के विभिन्न सदस्य उपस्थित रहे।



